Headlines

बिरसा मुंडा जयंती पर बिलासपुर में निकलेगी विशाल शोभायात्रा, आमसभा में जुटेंगे दिग्गज नेता

बिलासपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बिलासपुर में जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपरा का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति की ओर से 15 व 16 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। 16 नवंबर को विशाल शोभायात्रा और आमसभा का आयोजन होगा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। वहीं आमसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
आयोजन समिति की संयोजक वंदना उइके, राजीव ध्रुव, देवीसिंह पोर्ते, जितेंद्र ध्रुव, धनेश्वर सिंह नेताम , राहुल जगत ने बताया कि 16 नवंबर को सुबह 11 बजे जरहाभाठा स्थित आदिवासी बालक छात्रावास से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में जनजातीय समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक स्वरूप के साथ शामिल होंगे। इसके माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। शोभायात्रा के बाद दोपहर एक बजे लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आमसभा आयोजित की जाएगी। आमसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश के कृषि, आदिम जाति एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री रामविचार नेताम तथा सहकारिता, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप को भी आमंत्रित किया गया है। पूर्व आईएएस शिशुपाल सिंह सोरी और नीलकंठ टेकाम सहित अन्य विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जिले के जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों को न्योता

कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और महापौर पूजा विधानी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही गोंड, उरांव, कंवर, बैगा, हल्बा सहित विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को करेंगे याद

जनजाति गौरव दिवस का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद करना है। बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज में स्वाभिमान, जागरूकता और अधिकारों की चेतना जगाई थी। उनका जीवन और संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *