
बिलासपुर। सिम्स चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर के छह दिवसीय इंडक्शन व ओरिएंटेशन कार्यक्रम प्रारंभ 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान व प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सिम्स चिकित्सा महाविद्यालय के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. दुर्गा दास ने भारत की स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. अत्रेयी रे चौधरी ने बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, संक्रमण नियंत्रण, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की डॉ. यामिनी ने तनाव प्रबंधन, डॉ. विजया ने कम्युनिकेशन स्किल्स, सहानुभूति मरीजों के साथ उचित व्यवहार विषय पर व्याख्यान दिया। स्टाफ नर्स अंजना पन्ना द्वारा हैंड हाइजीन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने सभी विशेषज्ञों व प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों को एक कुशल, जिम्मेदार एवं संवेदनशील फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फिजियोथेरेपी प्रोफेशन के महत्व को बताया
डॉ. हर नारायण ने एंटी-रैगिंग जागरूकता, डॉ. नोकेशमणि ने एनसीएएचपी अधिनियम , फिजियोथेरेपी शिक्षा से संबंधित नियामक प्रावधानों, डॉ. यशवंत ने फिजियोथेरेपी प्रोफेशन के महत्व, संभावनाओं व भविष्य के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। इन सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों, संक्रमण नियंत्रण, प्रभावी संवाद, मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। मरीजों को बेहतर उपचार व पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान अत्यंत आवश्यक है। एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति, अनुशासन, नैतिकता और व्यावहारिक दक्षता भी जरूरी है।
भविष्य की चुनौतियों के लिए कर रहे तैयार
उन्होंने कहा कि इस तरह के इंडक्शन व ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की जिम्मेदारियों से परिचित कराने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपने अध्ययनकाल में ज्ञान और कौशल के साथ मानवीय मूल्यों को भी आत्मसात करें, ताकि वे समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकें।
