Headlines

वाशिंग मशीन सुधारने का झांसा देकर बैंक अधिकारी के खाते से 9.49 लाख रुपए निकाले

बिलासपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा के एक अधिकारी ने वाशिंग मशीन सुधरवाने के लिए गुगल से कस्टमर केयर नंबर निकाले। फोन करते ही ठगों ने उसे झांसे में लिया और उनसे वॉट्सऐप पर एपीके फाइल डाउनलोड कराई। इसके बाद उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 9.49 लाख रुपए निकाल लिए।

सरकंडा के विवेकानंद नगर मोपका निवासी विपीन किशोर कुजूर (51) बैंक ऑफ बड़ौदा की रहंगी-चकरभाठा शाखा में ज्वाइंट कस्टोडियन अधिकारी हैं। उनकी वॉशिंग मशीन खराब हो गई थी। इसे सुधरवाने के लिए उन्होंने 1 नवंबर को गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। वहां मिले नंबर पर कॉल करने पर ठग ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने शिकायत दर्ज करने के बहाने वॉट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने को कहा। अधिकारी ने एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद उसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया। हालांकि, इसके बाद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। इसी दौरान उनका मोबाइल हैक हो गया। कुछ दिन बाद मोबाइल पर खाते से रुपए कटने के मैसेज आने लगे। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 13 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए ठगों ने उनके खाते से 9 लाख 49 हजार 364 रुपए निकाल लिए। इस मामले में रेंज थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ओटीपी और पासवर्ड किसी से साझा न करें

साइबर एक्सपर्ट प्रभाकर तिवारी ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी, कंपनी कर्मचारी या परिचित बनकर ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते की जानकारी मांगे तो उसे बिल्कुल न दें। फोन पर आया ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। किसी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। इससे मोबाइल और निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल हो सकता है। सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखें। अलग-अलग प्लेटफॉर्म के लिए अलग और सुरक्षित पासवर्ड का इस्तेमाल करें।

लालच और जल्दबाजी में न लें फैसला

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि साइबर ठग अक्सर लोगों पर जल्द फैसला लेने का दबाव बनाते हैं। ऑनलाइन नौकरी, ज्यादा मुनाफे वाले निवेश, इनाम, गेमिंग या आकर्षक ऑफर के नाम पर पैसे मांगे जाएं तो पहले उनकी अच्छी तरह जांच कर लें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे आसान तरीका जागरूक रहना और सावधानी बरतना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *