
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा के आवेदन से वंचित रह गए स्वाध्यायी विद्यार्थियों के हित में एनएसयूआई ने आवाज बुलंद करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर आवेदन प्रक्रिया पुन: प्रारंभ करने की मांग की है।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह के मार्गदर्शन में छात्रनेता एनएसयूआई पुष्पराज साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव से मांग की है कि स्वाध्यायी विद्यार्थियों के प्रवेश परीक्षा आवेदन फॉर्म पुन: 7 दिवस के लिए खोले जाएं, ताकि जानकारी के अभाव में आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को एक और अवसर मिल सके। इस दौरान छात्रनेता पुष्पराज साहू ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा नियमित व स्वाध्यायी विद्यार्थियों की आवेदन प्रक्रिया एक साथ प्रारंभ किए जाने के कारण अनेक स्वाध्यायी विद्यार्थी भ्रमित रहे। प्रारंभिक सेमेस्टर में दोनों वर्गों की प्रवेश परीक्षा व आवेदन प्रक्रिया एक साथ संचालित होने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को यह जानकारी नहीं हो सकी कि स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए भी आवेदन प्रारंभ हो चुके हैं। इसी वजह से अनेक विद्यार्थी निर्धारित समयावधि में आवेदन करने से वंचित रह गए। छात्रनेता पुष्पराज साहू, करण यादव, राजा खान, आशीष यादव, मनेंद्र अनंत, शेख सलमान, राहुल यादव, अनुज वर्मा मौजूद रहे।
