Headlines

मुंगेली के तीन युवा लखनऊ में वंदेमातरम के शिविर में होंगे शामिल, राष्ट्रीय एकता एवं युवा नेतृत्व को मिलेगा बढ़ावा

 

 

बिलासपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान व नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में वंदेमातरम शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में मुंगेली जिले के तीन युवा स्वयं सेवक शामिल होंगे।

मुंगेली जिले से नितेश कुमार मोहले, अरुण कुमार साहू, विकास निर्मलकर लखनऊ में आयोजित वंदेमातरम् शिविर में सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन युवाओं की सहभागिता से उन्हें विभिन्न राज्यों के युवाओं के साथ विचारों व अनुभवों का आदान-प्रदान करने और राष्ट्रीय एकता, नेतृत्व, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। मेरा युवा भारत, बिलासपुर संभाग के उपनिदेशक नितिन कुमार शर्मा ने मुंगेली जिले के तीनों युवा स्वयंसेवकों को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिविर से प्राप्त अनुभवों और ज्ञान का उपयोग युवा अपने जिले में जनजागरूकता, युवा सहभागिता व राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में करेंगे।

 

 


राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण
वर्ष 2026 में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का ऐतिहासिक अवसर मनाया जा रहा है। इस गीत की रचना महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी। इसका प्रथम प्रकाशन 7 नवंबर 1875 को साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में हुआ था। आगे चलकर यह गीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रीय चेतना, देशप्रेम और एकता का प्रेरणादायी प्रतीक बना।

राष्ट्रनिर्माण की भावना का विकास

वंदेमातरम् शिविर का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को भारत की संवैधानिक व लोकतांत्रिक परंपराओं से परिचित कराना, नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना व सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। शिविर के दौरान भारतीय संविधान, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, स्वतंत्रता आंदोलन में ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक महत्व, सामुदायिक सहभागिता एवं केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं से संबंधित विषयों पर संवाद और गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *