बिलासपुर, 13 जून 2026। नगर निगम बिलासपुर में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए आयुक्त प्रकाश कुमार ने व्यापक कार्य विभाजन आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत निगम के सभी प्रमुख जोन कमिश्नरों के प्रभार में बदलाव किया गया है, वहीं स्वास्थ्य, स्थापना, स्वच्छता सर्वेक्षण, स्टोर, खाद्य, उद्यान, पेंशन और भविष्य निधि जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारियां भी नए सिरे से निर्धारित की गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जोन कमिश्नरों के प्रभार में बड़ा बदलाव
नए आदेश के अनुसार:
- मधुलिका सिंह को जोन-1 का प्रभार दिया गया।
- प्रवीण शर्मा को जोन-2 की जिम्मेदारी सौंपी गई।
- प्रवेश कश्यप को जोन-3 के साथ स्वास्थ्य अधिकारी, उप आयुक्त (स्थापना), स्वच्छता सर्वेक्षण एवं सिटी 2.0 का अतिरिक्त दायित्व मिला।
- विभा सिंह को जोन-4 का प्रभार सौंपा गया।
- सवीना अनंत को जोन-5 की कमान दी गई।
- सागर राज को जोन-6 की जिम्मेदारी मिली।
- भूपेंद्र उपाध्याय को जोन-7 का प्रभार दिया गया।
- रंजना अग्रवाल को जोन-8 की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सवीना अनंत के पास उद्यान और संजय तरण पुष्कर भी
उपायुक्त सवीना अनंत को जोन-5 का कमिश्नर नियुक्त करते हुए उद्यान शाखा और संजय तरण पुष्कर का अतिरिक्त प्रभार भी यथावत रखा गया है।
दीपिका भगत को महत्वपूर्ण वित्तीय शाखाओं की जिम्मेदारी
उप आयुक्त दीपिका भगत को उनके वर्तमान कार्यों के अलावा स्टोर, खाद्य, पेंशन और भविष्य निधि शाखा का दायित्व सौंपा गया है। निगम प्रशासन में इन शाखाओं को वित्तीय और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
प्रवीण शुक्ला को अतिरिक्त दायित्व
कार्यपालन अभियंता प्रवीण शुक्ला को जोन-3 और जोन-7 में कार्यपालन अभियंता की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासनिक कसावट और बेहतर समन्वय पर जोर
निगम प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव विभिन्न जोनों और शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यों की निगरानी मजबूत करने तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू
आयुक्त प्रकाश कुमार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारियों को सौंपे गए नए दायित्व आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगे और यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।
