Headlines

गढ़ नहीं भेद पाई भाजपा, वार्ड 29 में शेख आजम की एकतरफा जीत

बिलासपुर, 4 जून 2026। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के भारी अंतर से पराजित कर वार्ड में पार्टी की मजबूत पकड़ साबित कर दी। परिणाम ने स्थानीय राजनीति में कांग्रेस को नई ऊर्जा दी है।

गुरुवार सुबह बजरंग हिंदी मीडियम स्कूल में मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। दो टेबलों पर चार चरणों में हुई गिनती के बाद करीब एक घंटे के भीतर परिणाम घोषित कर दिया गया। शुरुआती रुझानों से ही कांग्रेस उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे, जिसे अंत तक भाजपा चुनौती नहीं दे सकी।

इस जीत को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि वार्ड 29 लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ रहा है। भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव के परिवार को इस वार्ड में लगातार तीसरी बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले उनके पिता भी चुनाव में पराजित हो चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि 1 जून को हुए मतदान में वार्ड के कुल 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1826 पुरुष और 1838 महिला मतदाता शामिल रहे। कुल मतदान प्रतिशत 69.74 फीसदी दर्ज किया गया, जिसे उपचुनाव के लिहाज से उत्साहजनक माना जा रहा है।

कांग्रेस की इस जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वार्ड 29 के नतीजे आगामी नगरीय चुनावों से पहले स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं। वहीं भाजपा के लिए यह परिणाम संगठनात्मक समीक्षा का विषय बन गया है।

वार्ड 29 उपचुनाव में कांग्रेस की जीत ने यह संदेश दिया है कि स्थानीय स्तर पर पार्टी का जनाधार अब भी मजबूत बना हुआ है और मतदाताओं ने विकास एवं संगठनात्मक सक्रियता के आधार पर अपना समर्थन कांग्रेस को दिया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *