Headlines

सूरजपुर में दोहरा हत्याकांड शिक्षिका और 18 वर्षीय बेटे की हत्या, घर के बाथरूम में मिला मां का शव

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक महिला शिक्षिका और उसके 18 वर्षीय बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार सुबह महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 के पास ग्रामीण सड़क किनारे युवक का शव मिलने से घटना का खुलासा हुआ। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो वहां उसकी मां का शव भी मिला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सड़क किनारे मिला 12वीं के छात्र का शव

जानकारी के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिला था। शरीर पर चोट के कई निशान थे। बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेट (18) के रूप में हुई।

पेट्रोल पंप पर मिली स्कूटी, घर में मिला मां का शव

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी थी। इसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची। मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था और उसकी मां रजनी बरेट (40) का भी कोई पता नहीं चल रहा था।

परिचितों की मौजूदगी में घर का ताला तोड़कर तलाशी ली गई। इस दौरान बाथरूम में रजनी बरेट का शव मिला। रजनी बेलटिकरी स्थित एक शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं। बताया जा रहा है कि करीब पांच साल पहले पति से तलाक के बाद वह अपने बेटे के साथ किराए के मकान में रह रही थीं।

धारदार हथियार से हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में मां-बेटे के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या में किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया होगा। हालांकि, वारदात के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के समय तथा घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *