Headlines

कॉलेज के प्राचार्य रहते हैं नदारद, अभाविप के छात्रों ने गायब होने का लगाया पोस्टर

बिलासपुर। पेंड्रा के डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय महाविद्यालय में प्राचार्य की अनुपस्थिति को लेकर छात्रों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य की तस्वीर के साथ लापता के पोस्टर लगाए और नाराजगी जताई।

अभाविप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्राचार्य नियमित रूप से महाविद्यालय नहीं आते हैं। भोजन अवकाश के बाद भी उनके समय पर नहीं पहुंचने से कॉलेज का काम प्रभावित हो रहा है। इससे शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं बिगड़ रही हैं। हाल ही में दो आंतरिक परीक्षाओं के बजाय सिर्फ एक परीक्षा ली गई। छात्रों के विरोध के बाद अब ऑनलाइन आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा कराई जा रही है। प्रवेश, छात्रवृत्ति, परीक्षा फॉर्म और दूसरे जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए छात्रों को रोज कॉलेज के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लेकिन प्राचार्य के नहीं मिलने से उनके काम अटक रहे हैं। प्रदर्शन में नगर मंत्री आदित्य चतुर्वेदी, सह मंत्री नील नामदेव, अमित यादव, आशीष वासुदेव समेत अभाविप कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

प्राचार्य को ढूंढऩे लगाने पड़े पोस्टर

विरोध प्रदर्शन के दौरान अभाविप के पेंड्रा जिला संयोजक श्रेयांश पांडेय ने कहा कि प्राचार्य की लगातार अनुपस्थिति से छात्र परेशान हैं। उन्हें प्राचार्य को ढूंढने के लिए पोस्टर तक लगाने पड़ रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी अपने काम पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

उग्र आंदोलन किया जाएगा

नगर मंत्री आदित्य चतुर्वेदी ने कहा कि अगर जल्द ही प्राचार्य की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की गई और कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *