Headlines

श्रीराम के नाम पर स्वीकृत राशि को अन्य कार्य में लगाने की तैयारी: कांग्रेस

बिलासपुर। अयोध्या की तर्ज पर बिलासपुर में अरपा नदी पर बनने वाले राम सेतु के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट के नाम पर शासन से स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि को अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण पर खर्च करने की तैयारी है। राम सेतु के प्रोजेक्ट में रोक लगा दी गई है। महापौर पूजा विधानी ने रामसेतु प्रोजेक्ट बंद करने और राशि का इस्तेमाल दूसरे कार्यों में करने की पुष्टि की है।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम पर आरोप लगाया है कि भगवान श्रीराम के नाम पर स्वीकृत राशि का ही उद्देश्य बदल दिया गया। पार्टी ने फैसला वापस लेने की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर नगर निगम प्रशासन से पांच सवाल पूछे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने अलग से राशि स्वीकृत की थी, डीपीआर तैयार हो चुका था और टेंडर तक जारी हो गया था, तो फिर परियोजना बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि क्या राशि का मद बदलने से पहले शासन से अनुमति ली गई है?

राम के नाम पर वोट लेते हैं, खर्च अन्य जगह

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई है, लेकिन अब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि को दूसरे कामों में लगाने की तैयारी कर रही है। यह जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है। रामसेतु का नामकरण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और इसके विकास के लिए राशि भी इसी उद्देश्य से स्वीकृत हुई थी। फिर इसका मद बदलने का अधिकार किसे है?

विधायक को खुश करने लखीराम ऑडिटोरियम संवारेंगे- शैलेष पांडेय

पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए राशि भी स्वीकृत हुई, लेकिन अब उसी पैसे से लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन का काम कराने की तैयारी है। यह भगवान श्रीराम के नाम और जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। भाजपा के महापौर पूजा विधानी अपने विधायक को खुश करने के लिए राम सेतु के नाम से जारी राशि को लखीराम ऑडिटोरियम में लगाने की बात कह रही है।

ये है रामसेतु सौंदर्यीकरण की योजना
राज्य शासन ने 15 जनवरी 2025 को रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए स्वीकृत किए थे। पिल्लेवार एसोसिएट ने इसका डीपीआर तैयार किया था। एमआईसी से प्रस्ताव पारित होने के बाद टेंडर भी जारी किया गया था। योजना के तहत पुल को अयोध्या की तर्ज पर धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी थी।

 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *