
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाता प्रत्यायन बोर्ड (नेशनल एक्रडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स ) के छठवें संस्करण के निर्धारित मानकों के अनुरूप अस्पताल में एंट्री लेवल असेसमेंट व तैयारी मूल्यांकन किया गया। इसके लिए पहुंची विशेषज्ञ टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया।
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के निर्देशन में आयोजित किया गया। मूल्यांकन दल में डॉ. सौविक दास (वरिष्ठ विशेषज्ञ, गुणवत्ता एवं संचालन), जयेश तावड़े (वरिष्ठ सलाहकार, गुणवत्ता एवं संचालन) एवं ऋषभ जायसवाल (सलाहकार, गुणवत्ता एवं संचालन) शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीज विभाग (आईपीडी), आपातकालीन विभाग, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड, फार्मेसी, प्रयोगशाला व रेडियोलॉजी विभाग का जायजा लिया गया। विशेषज्ञों ने विभिन्न विभागों में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, उपचार की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों, साफ-सफाई, अभिलेख संधारण एवं निर्धारित कार्यप्रणाली के पालन की स्थिति का आकलन किया। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा हृ्रक्च॥ प्रत्यायन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
अस्पताल की कार्यप्रणाली में हुआ सुधार
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सिम्स की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एनएबीएच के निर्धारित मानक केवल अस्पताल को मान्यता दिलाने की प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि अस्पताल की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाने और मरीजों के उपचार को अधिक सुरक्षित बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मूल्यांकन से सुधार का अवसर मिला
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अस्पताल के प्रत्येक विभाग में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन हो, संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत रहे और मरीजों को बेहतर उपचार व सुविधाएं मिले। इस मूल्यांकन से हमें अपनी तैयारियों का आकलन करने और जहां सुधार की आवश्यकता है, वहां प्रभावी कदम उठाने का अवसर मिला है। सिम्स में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों को इन मानकों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सुझावों पर आवश्यक सुधार किया जाएगा
संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है। एनएबीएच के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं को विकसित करने में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मूल्यांकन टीम द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल करते हुए आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि मरीजों को सुरक्षित वातावरण में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. समीर पैकरा, मरीज सुरक्षा नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार ठाकुर, एनएबीएच नोडल अधिकारी डॉ. सुचिता सिंह, सहायक नोडल अधिकारी गरिमा पांडेय, डॉ. रेखा बारापात्रे, डॉ. सागरिका प्रधान सहित सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। नर्सिंग अधीक्षक स्वाति कुमार के साथ नर्सिंग टीम से पिंकी दास, राजकुमारी चौहान, उज्ज्वला दास, नमिता वाणी एवं पुष्पलता शर्मा उत्कर्ष शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने भी मूल्यांकन प्रक्रिया में सहभागिता निभाई।
