Headlines

बलौदाबाजार में सनसनी: 3 महीने में 8 मौतें, 6 शव कब्र से निकाले गए, जहर मिली शराब या नरबलि? जांच तेज

बलौदाबाजार, 16 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खरवे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 लोगों की संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों के आरोप हैं कि गांव के एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मृतकों के शव कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने का फैसला लिया है।

मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की मदद से 6 शवों को कब्र से बाहर निकाला गया। इससे पहले शनिवार को एक शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था। सभी शवों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार फरवरी से मई 2026 के बीच खरवे गांव में चैतू साहू (55), पूर्व सरपंच छातूराम साहू (58), विनोद साहू (36), बद्री पटेल (58), जगानंद माछी (50), बुटालू साहू, बुधराम जायसवाल और महत्तरू साहू (40) सहित 8 लोगों की अलग-अलग समय पर मौत हुई थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि इन सभी लोगों ने आरोपी बताए जा रहे रामसाय जायसवाल के साथ शराब पी थी। इसके बाद एक-एक कर उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार एक अन्य व्यक्ति ने भी वही शराब पी थी, लेकिन उल्टी हो जाने के कारण उसकी जान बच गई। इसी घटना के बाद गांव में संदेह गहराया और लोगों ने मामले की शिकायत प्रशासन से की।

ग्रामीणों के आरोपों के बाद शुरू हुई जांच

ग्रामीणों के विरोध और आंदोलन के बाद पुलिस, राजस्व विभाग तथा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। प्रशासन ने सभी मृतकों के शवों का दोबारा परीक्षण कराने का निर्णय लिया है ताकि मौतों की सच्चाई सामने आ सके।

जहर मिली शराब या खजाने के लिए नरबलि?

गांव में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि आरोपी रामसाय जायसवाल कथित रूप से जमीन में दबे खजाने (हंडा) को पाने के लिए लोगों की बलि दे रहा था। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने अभी तक इस तरह के किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *