
बिलासपुर। आंध्रा समाज कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम, रेलवे परिक्षेत्र में बाल मेले का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी ज्ञान व सांस्कृतिक विविधता का अनूठा संगम देखने को मिला।
बाल मेले में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा व कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता, परंपरा, एकता को प्रदर्शित किया। मेले में विज्ञान व प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न मॉडल और प्रदर्शनियां लगाई गईं। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सोशल मीडिया, यूपीआई (यूपीआई) डिजिटल ट्रांजेक्शन, आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया के फायदे व नुकसान जैसे समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि आधुनिक तकनीक का सही व सुरक्षित उपयोग शिक्षा, संचार और दैनिक जीवन को सरल व उपयोगी बना सकता है।
दक्षिण भारतीय व्यंजनों के स्टाल लगाए
बाल मेले में दक्षिण भारतीय पारंपरिक व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया भूत बंगला व अन्य मनोरंजक गतिविधियां मेले का विशेष आकर्षण रहीं। प्रत्येक स्टॉल पर विद्यार्थियों का उत्साह, आत्मविश्वास व अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने का कौशल देखते ही बनता था।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान, तकनीकी मॉडल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, व्यंजन स्टॉलों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
