Headlines

महतारी वंदन की 28वीं किस्त जारी: 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642 करोड़ रुपए, साय बोले- महिला सशक्तिकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव

बिलासपुर, 4 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपए की राशि अंतरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत कर रही है। गौरतलब है कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, पोषण तथा स्वरोजगार गतिविधियों में कर रही हैं। जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ ही योजना के तहत अब तक महिलाओं को कुल 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। राज्य सरकार का दावा है कि इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उनकी सामाजिक भागीदारी भी बढ़ी है।मुख्यमंत्री ने बताया कि सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जिलों में संचालित नियद नेल्लानार अभियान के माध्यम से 7 हजार 770 नई महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महिलाओं की सहभागिता को और मजबूत कर रही है। राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *