Headlines

दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 मौतों के बाद बड़ा एक्शन, होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने न्यायिक जांच के आदेश भी दे दिए हैं।

21 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर

हादसे में अब तक 10 भारतीय और 11 विदेशी नागरिकों की जान जा चुकी है। वहीं 21 विदेशी नागरिक घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और वे वेंटिलेटर पर हैं। इसके अलावा 14 भारतीय नागरिक भी घायल हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।

जांच के घेरे में लवकेश बजाज के अन्य होटल

पुलिस जांच में सामने आया है कि लवकेश बजाज दिल्ली में कई होटल और होमस्टे संचालित करता है। फ्लरिश होटल के पास ही उसका एक अन्य प्रतिष्ठान ‘फ्लरिश इन’ भी संचालित हो रहा है, जहां विदेश से इलाज के लिए आने वाले लोग ठहरते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस होटल का प्रवेश द्वार बेहद संकरा है और बेसमेंट में भी कई कमरे बनाए गए हैं। भवन में केवल एक ही निकास मार्ग होने के कारण आपात स्थिति में लोगों के फंसने का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस अब अन्य होटलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और वैध दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

साकेत स्थित घर पहुंची पुलिस

गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस बुधवार को लवकेश बजाज के साकेत स्थित आवास पहुंची। हालांकि अधिकांश मंजिलों पर ताला लगा मिला। घर में काम करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि परिवार के अधिकांश सदस्य घर छोड़कर जा चुके हैं और केवल एक महिला घर में मौजूद थी।

हादसे की न्यायिक जांच के आदेश

दिल्ली के उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट (DM) की निगरानी में मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी, जिससे आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों में हुई कथित लापरवाही और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *