बिलासपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की गैरहाजिरी का बड़ा मामला सामने आया है। विद्या समीक्षा केंद्र की डिजिटल निगरानी में बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर और कोटा ब्लॉक के स्कूलों में कुल 1618 शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इनमें सबसे अधिक 659 शिक्षक बिल्हा ब्लॉक के हैं।
डिजिटल निगरानी से सामने आए आंकड़ों के अनुसार मस्तूरी में 384, तखतपुर में 323 और कोटा में 252 शिक्षक गैरहाजिर मिले। विभाग के मुताबिक कई स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति नहीं होने की शिकायतें सामने आई हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में ऐसी स्थिति अधिक देखने को मिली है, जिसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ने की बात कही जा रही है।
चार ब्लॉकों में गैरहाजिर शिक्षकों का आंकड़ा
ब्लॉक
गैरहाजिर शिक्षक
बिल्हा
659
मस्तूरी
384
तखतपुर
323
कोटा
252
कुल
1618
अक्टूबर से ऐप के जरिए दर्ज होगी हाजिरी
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पांडेय के अनुसार अक्टूबर से शिक्षकों की उपस्थिति विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी। शिक्षक के स्कूल की 100 मीटर की सीमा में पहुंचने पर ही ऐप के जरिए उपस्थिति दर्ज हो सकेगी।
नई व्यवस्था में दर्ज डिजिटल उपस्थिति को वेतन भुगतान से जोड़ा जाएगा। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि ऐप में हाजिरी दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के वेतन में कटौती की जाएगी।
विभाग का कहना है कि डिजिटल हाजिरी व्यवस्था का उद्देश्य शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।