बेमेतरा/रायपुर, 28 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद रविवार सुबह राऊरपुर गांव में एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के साथ घटना की जांच शुरू कर दी।
इधर, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मुंगेली में सर्वाधिक 50 मिमी, दरभा में 40 मिमी तथा गुंडरदेही, अर्जुंदा और कोटा में 30-30 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रायपुर के विभिन्न इलाकों में भी बारिश का असर अलग-अलग देखने को मिला।
प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान कच्चे और जर्जर मकानों से दूर रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।
