अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (बाल सुधार गृह) से मंगलवार शाम सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। हत्या, दुष्कर्म, लूट और चोरी जैसे संगीन अपराधों में निरुद्ध 11 अपचारी बालक तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शाम के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और बिजली आपूर्ति भी बाधित थी। इसी दौरान नाबालिगों ने बैरक की खिड़की और लोहे की जाली उखाड़ दी। इसके बाद वे परिसर की सुरक्षा दीवार फांदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि फरार अपचारी बालकों में हत्या, दुष्कर्म, लूट और चोरी जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं और जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर फरार नाबालिगों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बाल सुधार गृह पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बारिश और ब्लैकआउट का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से फरारी की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कड़ी निगरानी के बावजूद 11 अपचारी बालक कैसे फरार हो गए, इसे लेकर जांच जारी है। वहीं पुलिस का दावा है कि सभी फरार नाबालिगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
