Headlines

अब घर बैठे मिलेगा नया बिजली कनेक्शन, CSPDCL ने पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन

बिलासपुर, 24 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड सीएसपीडीसीएल ने उपभोक्ताओं को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं देने के उद्देश्य से नए बिजली कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। अब उपभोक्ताओं को नए विद्युत कनेक्शन के लिए बिजली कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे घर बैठे कंपनी की वेबसाइट, मोर बिजली मोबाइल ऐप या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से आसानी से आवेदन कर सकेंगे।

बिजली कंपनी के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से नए विद्युत कनेक्शन के सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत तकनीकी और प्रशासनिक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवा मिल सके।

कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने बताया कि बिजली कंपनी उपभोक्ता सेवाओं में लगातार डिजिटल तकनीक का विस्तार कर रही है। ऑनलाइन व्यवस्था से समय और श्रम की बचत होगी, साथ ही पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से नए बिजली कनेक्शन के लिए डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

जो उपभोक्ता स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए वितरण केंद्र, जोन एवं उपसंभाग कार्यालयों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। यहां पदस्थ अधिकारी और अभियंता आवेदक के मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन पंजीकृत करेंगे, ताकि कोई भी उपभोक्ता इस सुविधा से वंचित न रहे।

सीएसपीडीसीएल की यह पहल डिजिटल गवर्नेंस और ई-सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे नागरिकों को तेज, सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध होंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *