भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव करते हुए श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंप दी गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की चयन समिति की बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के साथ-साथ एशियाई खेल 2026 के लिए भी भारतीय टीमों का ऐलान किया गया। सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन को लेकर है, जिन्हें पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है।
टीम चयन में एक बड़ा फैसला लेते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण वाली टीम से चयनकर्ताओं ने भविष्य की तैयारी का स्पष्ट संकेत दिया है।
भारत को 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलने हैं। इसके बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वहीं सितंबर-अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय टीम अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगी।
वैभव सूर्यवंशी का चयन भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। महज 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वहीं टीम में संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।
एशियाई खेलों की टीम में स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी भी चयन की प्रमुख खासियत रही। चयनकर्ताओं ने आगामी बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को मंच देने और टीम में संतुलन बनाए रखने की रणनीति अपनाई है।
