Headlines

सुशासन तिहार में कांग्रेस का हंगामा: मंच पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस से धक्का-मुक्की, विधायक धरमलाल कौशिक के पहुंचते ही बढ़ा तनाव

बिलासपुर। नगर निगम प्रशासन द्वारा सिरगिट्टी में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम शनिवार को राजनीतिक विवाद और हंगामे की भेंट चढ़ गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा-सिरगिट्टी के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए शिविर का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने मंच पर चढ़कर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, शिविर में स्थानीय नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत कर रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू और सिरगिट्टी मंडल कांग्रेस अध्यक्ष अजय मनहरे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता पहुंचे और सरकार के सुशासन संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।

भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मंच पर चढ़कर विरोध जताने से वहां मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने विवाद का रूप ले लिया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को मंच तथा शिविर स्थल से हटाने का प्रयास किया।

इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के चलते कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

विधायक धरमलाल कौशिक के पहुंचते ही बढ़ा विरोध

हंगामे के बीच क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक कार्यक्रम स्थल पहुंचे। विधायक के पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध और तेज हो गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर सवाल पूछने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर कांग्रेसियों को विधायक तक पहुंचने से रोक दिया।

इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ देर तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सुशासन के नाम पर केवल दिखावा कर रही है।

उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता परेशान है, ऐसे में सरकार को सुशासन का दावा करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए कार्यक्रम का विरोध किया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेसी कार्यकर्ता

प्रदर्शन में पार्षद पुष्पेंद्र साहू, पवन साहू, महेश ठाकुर, सुनील पांडेय, नागेश ध्रुव, बंटी सोनी, अरुण नथानी, गोविंद यादव, रामू राव, संजीव पाल, सचिन भवानी, अक्षय नवरंग, वेद रात्रे, अरविंद ओझा, रवींद्र डाहरे, गोविंद मानिकपुरी, लक्ष्मण ध्रुव, विनोद साहू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *