
बिलासपुर। नए एसपी कार्यालय में अत्याधुनिक सीसीटीएनएस लैब तैयार की जा रही है। इसके जरिए थानों के रिकॉर्ड और अपराध से जुड़ी जानकारियां डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। सीसीटीएनएस के दूसरे चरण में सभी थानों को बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा। इससे केस डायरी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और जांच से जुड़े दस्तावेजों का प्रबंधन आसान होगा।
न्यायालय के साथ डिजिटल समन्वय की सुविधा भी विकसित की जा रही है। इससे जरूरी दस्तावेजों और साक्ष्यों तक पहुंच आसान होगी। नए भवन में एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। आधुनिक मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा होगी। यहां तैनात कर्मचारियों को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। फर्नीचर, स्टेशनरी और अन्य जरूरी सामान की खरीदी शासकीय जेम पोर्टल के माध्यम से की गई है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने किया निरीक्षण
नए एसपी कार्यालय के लोकार्पण की तैयारी शुरू हो गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। माना जा रहा है कि 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर प्रवास के दौरान इसका लोकार्पण कर सकते हैं। लोकार्पण की तैयारी के तहत पुराने एसपी कार्यालय के कुछ हिस्सों को ढहाया जा रहा है और नए भवन तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है।
