
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आगामी 30 नवंबर से प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि में वृद्धि की मांग को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजेश सिंह के निर्देशानुसार छात्र नेता पुष्पराज साहू के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति व कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने तथा परीक्षा तिथि में वृद्धि करने की मांग प्रमुखता से रखी।
छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व अध्ययन के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन 30 नवंबर से ही परीक्षा आयोजित कराने पर अड़ा हुआ है। हजारों नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा की तैयारी करने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाया है। छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय छात्र प्रतिनिधियों पर कॉलेज पहुंचने एवं कॉलेज प्रबंधन के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। क्या अब विश्वविद्यालय में छात्रहित की बात रखने वाले छात्र प्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का भी अधिकार नहीं है? छात्र नेताओं का दायित्व विद्यार्थियों की आवाज उठाना है और वे अपनी इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे। इस अवसर पर करन यादव,विवेक देवांगन,शेख सलमान , भूपेश राजपूत , रोशन ठाकुर , अर्जुन जायसवाल , राजकुमार साहू , आदित्यराज पाठक, अभय कुमार , गिरीश पन्द्राम,गरिमा साहू मौजूद रहे।
