रायपुर। छत्तीसगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से फैलता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के 9 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक 344 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इससे एक दिन पहले 8 सितंबर तक यह आंकड़ा 298 था। यानी कुल मामलों में 46 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एक दिन में 39 नए पॉजिटिव केस
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 9 सितंबर को प्रदेश में 39 नए संक्रमित मरीज सामने आए। इनमें राजधानी रायपुर सबसे आगे रहा, जहां 19 नए मामले मिले। इसके अलावा महासमुंद में 10, बिलासपुर में 3 और कोरबा में 2 मरीज मिले हैं।
वहीं दुर्ग, रायगढ़, मुंगेली, राजनांदगांव और सरगुजा में भी एक-एक नए मरीज की पुष्टि हुई है। इस दिन दूसरे राज्यों से कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया।
रायपुर में 146 मरीज, प्रदेश में सबसे ज्यादा
स्वाइन फ्लू के मामलों में रायपुर जिला लगातार सबसे आगे बना हुआ है। 8 सितंबर तक रायपुर में 127 संक्रमित मरीज थे, जो 9 सितंबर को बढ़कर 146 हो गए।
प्रदेश में दर्ज कुल 344 मामलों में अकेले रायपुर के 146 मरीज हैं। यानी राज्य के कुल संक्रमितों में करीब 42 प्रतिशत मामले रायपुर से हैं।
बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग सतर्क
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे H1N1 मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ गई है। खासतौर पर रायपुर सहित अधिक प्रभावित जिलों में संक्रमण की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों को भी मौसमी बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।