बिलासपुर, 29 जून 2026। लंबे इंतजार के बाद बिलासपुर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा गया। हालांकि शाम होते-होते काले बादलों ने आसमान को ढक लिया और गरज-चमक के साथ रिमझिम बारिश शुरू हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
इससे पहले शनिवार शाम करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया था, लेकिन रविवार सुबह तेज धूप निकलने से उमस फिर बढ़ गई। शाम की हल्की बारिश ने मौसम को राहतभरा जरूर बनाया, मगर शहरवासियों की निगाहें अब अच्छी और लगातार मानसूनी बारिश पर टिकी हैं।
एक सप्ताह तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश के कई जिलों में अब भी बारिश की कमी
दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच चुका है, लेकिन कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। बस्तर संभाग में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर होने के बावजूद करीब 54 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि राजनांदगांव समेत कुछ जिलों में 80 प्रतिशत तक बारिश की कमी बनी हुई है।
जल्द सक्रिय होगा मानसून
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। इससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
