Headlines

कोरिया में रेत कारोबार की खूनी जंग: भाजपा नेता लल्ला सिंह समेत 3 की मौत, जिंदा जलाने का आरोप

कोरिया, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर हुआ खूनी विवाद पूरे प्रदेश में सनसनी का विषय बन गया है। सोनहत थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष लल्ला सिंह की कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस भीषण वारदात में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान रेत कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने हाईवा वाहनों से उनकी गाड़ी को आगे और पीछे से घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वाहन आग की लपटों में घिर गया।

कार में सवार कुछ लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल हुए, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह (28) की अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि करीब 80 प्रतिशत तक झुलसे नागेंद्र सिंह (53) ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इससे पहले लल्ला सिंह की भी मौत हो चुकी थी। इस तरह इस सनसनीखेज वारदात में मृतकों की संख्या तीन पहुंच गई है।

घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। योगेंद्र सिंह का हाथ टूट गया है तथा उन्हें अंदरूनी चोटें भी आई हैं। दोनों का उपचार जारी है।

मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे मामले की जांच जारी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

वहीं घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा नेताओं पर रेत खदानों से अवैध कमाई के आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा नेताओं के बीच आपसी संघर्ष की स्थिति बन गई है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *