बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जिला बिलासपुर शहर द्वारा आयोजित मीडिया संवाद में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मोदी सरकार की नीतियों और योजनाओं ने देश की दिशा और दशा बदलने का काम किया है तथा जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्री मोदी ने सबसे पहले किसान हित से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर कर यह स्पष्ट कर दिया था कि उनकी सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित है। आज केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। मुफ्त राशन योजना, स्वास्थ्य सुरक्षा और आवास जैसी सुविधाओं ने गरीब वर्ग को नई ताकत दी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे साहसिक निर्णयों ने दुनिया को नए भारत की ताकत का एहसास कराया है। वहीं नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों से देश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है।
अरुण साव ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति की है। राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार हुआ है, रेलवे का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है और वंदे भारत ट्रेनों ने रेल यात्रा को नई पहचान दी है। चिनाब ब्रिज, अटल टनल और पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाएं भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और विकास दृष्टि का प्रतीक हैं। देशभर में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार और नए हवाई अड्डों का निर्माण भी इसी परिवर्तन की कहानी बयां करता है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को लेकर केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है और आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती से स्थापित होगा।
मीडिया संवाद में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक, केके शर्मा एवं दुर्गेश पाण्डेय सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
