Headlines

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे: हरियाणा CM नायब सैनी ने लिखा भावुक पत्र, कहा- हरियाणा को है आप पर गर्व

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष 4,399 दिन का कार्यकाल पूरा होने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पत्र लिखकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, देश के विकास और हरियाणा को मिली विभिन्न परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

नायब सैनी ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी आज भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित और जन-जन के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के रूप में नई पहचान स्थापित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से यह अवसर प्रधानमंत्री के वंदन और अभिनंदन का है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में वर्ष 2013 की उस ऐतिहासिक रैली का भी उल्लेख किया, जो हरियाणा के रेवाड़ी में आयोजित हुई थी। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर 2013 को पूर्व सैनिकों की रैली से ही नरेंद्र मोदी ने 2014 लोकसभा चुनाव अभियान का शंखनाद किया था और हरियाणा की धरती ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखने का संकल्प लिया था।

नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा के वीर जवान, मेहनतकश किसान, प्रतिभाशाली खिलाड़ी और ऊर्जावान युवा हमेशा राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में रहे हैं। ऐसे में जब भी देश की सुरक्षा, विकास, सम्मान और वैश्विक प्रतिष्ठा की बात होती है, तो हरियाणा का हर नागरिक उससे गहराई से जुड़ाव महसूस करता है।

उन्होंने अपने पत्र में कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता, सुशासन, स्थिरता और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। इसका सकारात्मक प्रभाव हरियाणा समेत पूरे देश में देखने को मिला है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र बनेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *