बिल्हा, 8 जून 2026। स्वर्गीय श्री दिलबहार राजपूत की जन्म जयंती के अवसर पर बिल्हा स्थित श्री गुरूनानक धर्मशाला में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया। क्षेत्रभर से पहुंचे युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिसके परिणामस्वरूप 200 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुए इस शिविर में रक्तदाताओं की लंबी कतारें दिनभर लगी रहीं। आयोजन स्थल पर रक्तदाताओं की सुविधा के लिए वातानुकूलित एसी वैनिटी बस, स्वास्थ्य परीक्षण, विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे प्रतिभागियों को सहज और सुरक्षित वातावरण प्राप्त हुआ।
रक्तदान करने वाले सभी दानवीरों का सम्मान करते हुए आयोजकों द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र, हेलमेट, ब्लूटूथ ईयरफोन, पानी की बोतल एवं ड्राइविंग लाइसेंस भेंट किए गए। इस अनूठी पहल ने युवाओं में विशेष उत्साह का संचार किया और बड़ी संख्या में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
आयोजन के प्रमुख संयोजक सुमित राजपूत,युवा कांग्रेस बिल्हा विधानसभा उपाध्यक्ष राहुल राजपूत एवं सुनील राजपूत ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय टीम और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है और यही भावना इस आयोजन की प्रेरणा रही।
इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला जी, पूर्व नगर पंचायत बिल्हा उपाध्यक्ष नानक रेलवानी, पार्षद गोल्डी पंजवानी, पूर्व एनएसयूआई छात्रसंघ अध्यक्ष मोक्षनन्द शर्मा एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अखिल यादव की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी की अपील की
