Headlines

कोरबा में हाईवोल्टेज ड्रामा: पानी टंकी पर चढ़े दो युवक, TI पर रिश्वत और मारपीट का आरोप, आत्मदाह की दी धमकी

कोरबा, 11 जून। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दो युवक अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए। युवकों ने थाना प्रभारी पर मारपीट और 24 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। विरोध के दौरान दोनों ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने करीब तीन घंटे तक युवकों को समझाइश दी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।

युवकों का आरोप है कि उनसे मारपीट की गई और 24 हजार रुपये लिए गए। वहीं हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक जुआ-सट्टा गतिविधियों से जुड़े हैं और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए इस तरह का नाटक कर रहे हैं।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है। घटना ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि वायरल वीडियो को लेकर भी लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *