राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठडीह बीएसयूपी कॉलोनी में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। तुलसी के पौधे के पास रील बना रहे बच्चों को समझाने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर व लात-घूंसे चलने लगे। घटना में बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़िता प्रमिला सेन के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदौस बेगम के बच्चे उनके घर की बालकनी के पास रखे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे। इस दौरान बच्चे गमले को बार-बार हिला रहे थे। प्रमिला ने धार्मिक आस्था से जुड़े तुलसी पौधे का सम्मान करने की बात कहते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे महिलाओं सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मुजगहन थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
