रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की कक्षा 10वीं और 12वीं की तीसरी परीक्षा 23 नवंबर 2026 से शुरू होगी। 10वीं की परीक्षाएं 8 दिसंबर और 12वीं की परीक्षाएं 10 दिसंबर तक चलेंगी। दोनों कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं भी इसी अवधि में आयोजित की जाएंगी।
ओपन स्कूल की ओर से मंगलवार को परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी गई। परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि परीक्षा अवधि में शासन द्वारा कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी।
10 दिसंबर तक पूरी होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
प्रायोगिक परीक्षाएं 10 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूरी करानी होंगी। व्यवस्था के अनुसार हायर सेकेंडरी की सैद्धांतिक परीक्षा वाले दिन हाईस्कूल की प्रायोगिक परीक्षा और हाईस्कूल की सैद्धांतिक परीक्षा वाले दिन हायर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जा सकती है।
17 अक्टूबर तक भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म
तीसरी परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 10 अक्टूबर तक सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 13 से 17 अक्टूबर तक आवेदन करने का मौका मिलेगा।