बिलासपुर। एनएसयूआई में संगठनात्मक बदलाव के तहत रंजेश सिंह क्षत्री को बिलासपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रंजेश सिंह ने शुक्रवार को रतनपुर पहुंचकर मां महामाया देवी के दर्शन किए और संगठन की मजबूती के साथ छात्र हितों के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
रंजेश सिंह क्षत्री ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को होने वाली समस्याओं को लेकर एनएसयूआई लगातार आवाज उठाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक छात्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव बंद होने के बाद विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला मंच कमजोर हुआ है। परीक्षा प्रवेश, परीक्षा परिणाम और अन्य शैक्षणिक मामलों में विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन मुद्दों को लेकर एनएसयूआई आगे भी मुखर रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
रंजेश सिंह ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को समान शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। नर्सरी स्तर पर आरटीई के प्रावधानों और अंग्रेजी माध्यम की नर्सरी कक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू कराने के लिए प्रयास करने की बात कही। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें अपनी समस्याएं प्रभावी ढंग से रखने का मंच प्रदान करते हैं। चुनाव बहाल होने से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर कॉलेज स्तर पर जवाबदेही भी बढ़ेगी।
नई जिला टीम का जल्द होगा गठन
रंजेश सिंह क्षत्री ने बताया कि एनएसयूआई ग्रामीण की नई जिला टीम के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इसके बाद नई टीम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक छात्रों को एनएसयूआई से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।