नई दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे गंभीर स्थिति दक्षिण गुजरात में है, जहां भारी वर्षा के चलते कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
गुजरात के उमरगाम तालुका में पिछले 16 घंटों के दौरान 43 इंच रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से नदियां-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 11 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से जारी बारिश के कारण गंगा, यमुना समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। प्रदेश के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य में 6.53 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।
वहीं, बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार को औरंगाबाद और बक्सर में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में भी बांसवाड़ा, डूंगरपुर समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
