Headlines

बिलासपुर में फिल्मी अंदाज में लाखों की चोरी: एसी हटाकर घर में घुसे बदमाश, नकदी-जेवर समेत कीमती रत्न ले उड़े

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित गणेश चौक में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बेहद शातिर तरीके से लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर के पीछे लगा विंडो एसी निकालकर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखी नकदी, सोने के आभूषण तथा कीमती रत्न लेकर फरार हो गए। घटना का पता तब चला जब रात में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने एसी को अपनी जगह से हटाया हुआ देखा और मकान मालिक को इसकी सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, व्यवसायी रजनीश सेठ 18 जुलाई को परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने गए थे। घर की सुरक्षा के लिए रात के समय निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किया गया था। 23 जुलाई की रात गार्ड ने घर के पीछे लगे विंडो एसी को उखड़ा हुआ देखा। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो घर के भीतर चोरी की पुष्टि हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर एसी हटाकर घर में दाखिल हुए और अलमारी से करीब 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कीमती रत्न लेकर फरार हो गए। परिवार के लौटने के बाद चोरी गए सामान का अंतिम आकलन किया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।

पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि बदमाशों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी। परिवार के बाहर होने और घर के सूना रहने की जानकारी मिलने के बाद ही चोरी की योजना को अंजाम दिया गया। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *