Headlines

सिरगिट्टी में दो गुटों में खूनी झड़प, चाकू लगने से युवक की मौत

बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के दौरान चाकू से हमला किए जाने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी के मैट्रिक्स चौक इलाके में रहने वाले ओम दिवाकर और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। रविवार रात ओम अपने कुछ साथियों के साथ मैट्रिक्स चौक के पास मौजूद था। इसी दौरान सुनील उर्फ कल्लू टाइगर भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ। इसी बीच एक युवक पर चाकू से वार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

चाकू लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और चाकू से हमला किसने किया, इसे लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से आरोपी बताए जा रहे लोग फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *