Headlines

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की होगी बड़ी समीक्षा, प्रदर्शन के आधार पर तय होगी रैंकिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में अब जिला अध्यक्षों के कामकाज का मूल्यांकन तय मानकों के आधार पर किया जाएगा। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के पिछले छह महीनों के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके बाद उनके कामकाज के आधार पर रैंकिंग तय होने के संकेत हैं।

इस समीक्षा के लिए दिल्ली से संगठन सृजन प्रभारी, नेशनल कनेक्ट सेंटर के चेयरमैन समेत कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे और अलग-अलग जिलों में संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे।

सितंबर में पहली बड़ी समीक्षा

सूत्रों के मुताबिक, संगठन सृजन अभियान के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों की पहली औपचारिक समीक्षा सितंबर में प्रस्तावित है। कनेक्ट सेंटर के चेयरमैन एवं सांसद शशिकांत सैंथिल, संगठन सृजन प्रभारी वामशी रेड्डी सहित अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी जिलों का दौरा कर निर्धारित मापदंडों पर जिला अध्यक्षों के प्रदर्शन का आकलन करेंगे।

बूथ स्तर तक होगी संगठन की पड़ताल

समीक्षा केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगी। राष्ट्रीय नेतृत्व का विशेष फोकस ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता पर रहेगा।

यह देखा जाएगा कि निचली स्तर की कांग्रेस कमेटियां वास्तव में सक्रिय हैं या केवल कागजों तक सीमित हैं। इसके अलावा पदाधिकारियों की सक्रियता, उन्हें सौंपे गए कार्यों की प्रगति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन की भी समीक्षा की जाएगी।

जनआंदोलन और नेताओं से तालमेल भी बनेगा आधार

जिला अध्यक्षों के मूल्यांकन में केवल संगठनात्मक गतिविधियां ही नहीं, बल्कि स्थानीय मुद्दों को लेकर पार्टी की सक्रियता और जनआंदोलनों में भागीदारी को भी शामिल किया जाएगा।

इसके साथ ही वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक कमेटियों, विभिन्न प्रकोष्ठों और अन्य संगठनात्मक इकाइयों के साथ जिला अध्यक्षों के समन्वय को भी परखा जाएगा।

कमजोर प्रदर्शन पर रेड जोन में जा सकते हैं जिला अध्यक्ष

सूत्रों के अनुसार, समीक्षा में कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्षों को तत्काल पद से हटाने के बजाय पहले रेड जोन में रखा जा सकता है। ऐसे पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने और प्रदर्शन सुधारने के लिए समय दिया जाएगा।

निर्धारित अवधि के बाद उनके कामकाज की दोबारा समीक्षा होगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्षों को संगठन की ओर से प्रोत्साहन और सराहना मिलने की संभावना है।

टिकट वितरण में बढ़ सकती है जिला अध्यक्षों की भूमिका

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से पहले ही संकेत दिए जा चुके हैं कि आगामी विधानसभा समेत अन्य चुनावों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में जिला कांग्रेस अध्यक्षों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

इसी वजह से जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ मजबूती और स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े विशेष लक्ष्य दिए जा रहे हैं। हालांकि जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार देने को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा अभी जारी है।

चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की कवायद

कांग्रेस नेतृत्व का मुख्य उद्देश्य चुनाव के समय अचानक सक्रिय होने के बजाय संगठन को लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय रखना है। पार्टी का मानना है कि यदि बूथ स्तर तक संगठन मजबूत और सक्रिय रहा, तो चुनावी रणनीति को जमीन पर लागू करना आसान होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *