Headlines

उत्तराखंड में बारिश का कहर: चारधाम यात्रा 2 दिन स्थगित, हाईवे बंद, पुल धंसा, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक 233 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर बंद हैं, जबकि नदियां और नाले उफान पर हैं।

गढ़वाल मंडल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा रोकी गई है। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देहरादून के नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। पुल की एप्रोच रोड धंसने से यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाओं से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यमुनोत्री पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जबकि हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। चमोली, टिहरी और देहरादून समेत कई जिलों में ग्रामीण सड़कें बंद हैं और राहत-बचाव दल लगातार मार्ग बहाल करने में जुटे हुए हैं।

प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही यात्रा की योजना बनाएं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *