रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। वहीं, लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
सबसे बड़ा हादसा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां विकासखंड के शिवपुर गांव में हुआ। यहां आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए खड़गवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
इसी तरह सूरजपुर जिले के नमदगीरी गांव में खेत में काम कर रहे 35 वर्षीय किसान विनय देवांगन की भी बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बारिश के कारण गरियाबंद जिले में छिंदौला-आमामोरा मार्ग पर खोलापारा नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश कर रहा एक बाइक सवार बहने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
लगातार जलभराव के चलते आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार सहित कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क बाधित हो गया है। वहीं सारंगढ़-बरमकेला क्षेत्र के उफनते लाट नाले में कार बह जाने के बाद पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का अब तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन और राहत दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और तेज बहाव वाले नालों-नदियों के पास जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।
