Headlines

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक तय, अगले 2-3 दिनों में होगी एंट्री

रायपुर, 14 जून 2026। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं। वहीं प्रदेशभर में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं, बिजली गिरने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि रायपुर का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मिल रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम लगातार सक्रिय बना हुआ है।

इधर कोरबा जिले के लेमरू क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जंगल में लापता बकरी की तलाश कर रहे दंपती पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में 54 वर्षीय शिवरतन माझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है।

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *