रायपुर, 14 जून 2026। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की तैयारी में जुट गई है। संगठन सृजन अभियान के तहत हाल ही में नियुक्त जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 से 30 जून 2026 तक रायपुर में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में संपन्न होगा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी एक दिन प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। वे संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नव-नियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क कौशल और चुनावी रणनीति की बेहतर समझ देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।
AICC ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी, वरिष्ठ नेताओं, एआईसीसी सचिवों, प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक दल के नेताओं को भी शिविर में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कांग्रेस का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से राहुल गांधी की मौजूदगी कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से और अधिक महत्वपूर्ण बना रही है।
