Headlines

प्लास्टिक माफिया पर निगम का बड़ा एक्शन: 300 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त, व्यापार विहार में मचा हड़कंप

बिलासपुर। शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ नगर निगम और पर्यावरण विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापार विहार क्षेत्र में छापेमारी की। संयुक्त टीम ने विभिन्न दुकानों से करीब 300 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक सामग्री जब्त की तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

कार्रवाई के दौरान व्यापार विहार के कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें अमर ट्रेडर्स, श्री गणेश ट्रेडर्स और नानक ट्रेडर्स प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानों में रखी प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त कर व्यापारियों को भविष्य में इसका उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ बिलासपुर अभियान के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उनका कहना है कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है, इसलिए नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

व्यापारियों में बंटी राय

कार्रवाई को लेकर व्यापारियों के बीच मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ व्यापारियों ने प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी बताया, वहीं कई व्यापारियों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए।

व्यापारियों का कहना है कि जब तक बाजार में पॉलीथिन की सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं होगी, तब तक केवल छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है। उनका तर्क है कि खुले बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन आसानी से उपलब्ध है, जिससे व्यापारी भी इसके उपयोग के लिए मजबूर हो जाते हैं।

निगम का संदेश साफ

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *