Headlines

बिलासपुर को बड़ी सौगात: कोनी-मोपका बायपास बनेगा फोरलेन सीसी रोड, 75.73 करोड़ की मंजूरी

बिलासपुर, 12 जून 2026। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और भारी वाहनों के दबाव से राहत दिलाने के लिए बिलासपुर को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से जर्जर हालत में मौजूद कोनी-मोपका बायपास रोड अब फोरलेन सीमेंट कांक्रीट सीसी सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 75.73 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत कर दिया गया है।

करीब 13.4 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़, गड्ढे और जलभराव के चलते आवागमन बाधित होता था, जिससे जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता था।

नई फोरलेन सीसी सड़क बनने के बाद बायपास मार्ग पर यातायात तेज और सुरक्षित होगा। साथ ही शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम होने से आम लोगों को राहत मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और वाहन चालकों के समय व ईंधन की बचत होगी।

उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिलासपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ भविष्य की यातायात जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

परियोजना पूरी होने के बाद कोनी-मोपका बायपास क्षेत्र की यातायात व्यवस्था आधुनिक, सुरक्षित और अधिक सुगम होगी, जिससे प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *