Headlines

तोरवा पुलिस की सख्ती: छठ घाट रोड पर हुड़दंगियों में मची भगदड़, बाइकें छोड़कर फरार

बिलासपुर। शहर में देर रात तक सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमघट लगाकर हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ तोरवा पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। बुधवार रात पेट्रोलिंग के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिला जब छठ घाट रोड पर पान ठेले के पास खड़े युवकों का समूह थाना प्रभारी रजनीश सिंह को देखते ही अपनी बाइकें छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी संदिग्ध वाहनों को जब्त कर थाने भिजवा दिया।

सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तोरवा थाना क्षेत्र में विशेष रात्रि गश्त लगातार जारी है। रेलवे स्टेशन, सुनसान सड़कें, देर रात तक खुले रहने वाले होटल-ढाबे, पान ठेले और अन्य सार्वजनिक स्थान पुलिस के रडार पर हैं। यहां बेवजह भीड़ लगाकर माहौल बिगाड़ने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात थाना प्रभारी स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान छठ घाट रोड स्थित एक पान ठेले पर कई युवक बाइक खड़ी कर खड़े मिले। पुलिस वाहन रुकते ही युवकों में हड़कंप मच गया और वे अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद बाइकों को जब्त कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ जुटने से असामाजिक गतिविधियों और अपराध की आशंका बढ़ जाती है। इसी कारण लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि ऐसे अभियान से क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत होगी और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *