रायपुर, 7 जून 2026। राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनदहाड़े 10 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। DD नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने गैस एजेंसी के मैनेजर को निशाना बनाते हुए कैश से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गैस एजेंसी का मैनेजर कार्यालय के सामने अपनी कार पार्क कर कैश से भरा बैग लेकर उतर रहा था। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे बदमाश मौके पर पहुंचे और झपट्टा मारकर बैग छीन लिया। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि मैनेजर संभल भी नहीं पाया।
CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी पहले मैनेजर को क्रॉस कर आगे निकल जाते हैं। इसके बाद वे यू-टर्न लेकर वापस आते हैं और जैसे ही मैनेजर कार से उतरता है, उससे कैश से भरा बैग छीनकर फरार हो जाते हैं।
घटना के बाद पीड़ित मैनेजर ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार बाइक से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
