Headlines

बिलासपुर में दिनदहाड़े घी व्यापारी से 3.50 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाशों ने चाकू और रॉड से किया हमला

बिलासपुर, 5 जून 2026 बिलासपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। कोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक घी व्यापारी से करीब 3.50 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी की बाइक को रोककर चाकू और रॉड से हमला किया तथा नकदी, सोने की चेन समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के कतियापारा निवासी अभिषेक गुप्ता गुरुवार शाम करीब 4 बजे घी खरीदने के लिए कोनी स्थित देवभोग कार्यालय जा रहे थे। भुगतान के लिए वे अपने साथ लगभग 1.60 लाख रुपये नकद लेकर निकले थे। इसी दौरान बिरकोना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से बाइक पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले व्यापारी को धमकाया और विरोध करने पर चाकू तथा डंडे-रॉड से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपियों ने उनके पास मौजूद नकदी, सोने की चेन और अन्य सामान लूट लिया। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *