Headlines

बारिश के बीच कांग्रेस का हल्लाबोल, SIR और वोटर लिस्ट को लेकर चुनाव आयोग तक मार्च

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक से शास्त्री चौक स्थित चुनाव आयोग कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। बारिश के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा। चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR), मतदाता सूची में बदलाव और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपनी मांगें रखीं।

‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं का कहना था कि मतदाता सूची में बदलाव और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आ रहे सवालों का निष्पक्ष तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के अपने आरोपों को दोहराते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।

पार्टी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी भी चुनाव प्रक्रिया और वोटर लिस्ट से संबंधित विषयों को लगातार उठाते रहे हैं।

SIR की स्वतंत्र समीक्षा की मांग

कांग्रेस ने SIR के तहत मतदाता सूची में हुए बदलावों और इससे प्रभावित चुनावों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की। इसके साथ ही पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

चुनाव आयुक्तों की कथित आपत्तियों का भी जिक्र

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग के भीतर चुनाव आयुक्तों द्वारा कथित रूप से दर्ज कराई गई आपत्तियों का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग की कुछ प्रक्रियाओं और फैसलों को लेकर पिछले 10 महीनों में लिखित आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

आंदोलन जारी रखने की घोषणा

कांग्रेस ने कहा है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। पार्टी के अनुसार, 25 सितंबर को राज्य स्तर और 28 सितंबर को जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाने हैं।

प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर निकाला गया मार्च

प्रदर्शन का आयोजन एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के दिशा-निर्देश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के मार्गदर्शन में किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजीव गांधी चौक पर एकत्र हुए।

इसके बाद कार्यकर्ता बारिश के बीच पैदल मार्च करते हुए शास्त्री चौक स्थित चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *