ललितपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तालबेहट क्षेत्र में उस समय हुआ, जब वे परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने कार का नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी कमर में चोट आई है, जिससे चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। हालांकि शुरुआती जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ललितपुर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे तथा उपचार की जानकारी ली। भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने पहुंचे।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा वाहन को बचाने के प्रयास में कार के अनियंत्रित होने से हुआ। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
